नई दिल्ली, 12 सितंबर 2026
आजादपुर चौक पर यातायात पुलिस ने बचाई जान
उत्तरी दिल्ली के आजादपुर चौक पर कल एक बड़ा हादसा टल गया। शालीमार बाग से आजादपुर की ओर आ रही एक काले रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार (DL10CNXXXX) में अचानक आग लग गई। कार में सवार चालक 26 वर्षीय हर्ष जैन सवार थे। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मौके पर मॉडल टाउन ट्रैफिक सर्कल में तैनात यातायात कर्मियों – एसआई जसमेर सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज कुमार और हेड कांस्टेबल शिंकुल चौधरी ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए साहस और तत्परता दिखाई।
यातायात पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को सूचना दी और जलती हुई कार से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
आग पर काबू पाने के बाद यातायात बाधित न हो, इसके लिए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क के किनारे हटाया गया, जिससे यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका।
यातायात पुलिसकर्मियों की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और साहसिक कार्यवाही से एक गंभीर हादसा टल गया और कीमती जानें बच गईं। यह कार्य दिल्ली यातायात पुलिस की जन-सुरक्षा और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।