दिल्ली के रोहिणी जिले में पुलिस ने लूट का मामला सुलझा, चार आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली, 5 जुलाई 2026
रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लूटी गई 1000 रुपये नकद, पीड़ित का पर्स, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है।


डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल, आईपीएस के मुताबिक 1 जुलाई 2026 को विजय विहार थाने में लूट की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़ित ने बताया कि वह अपने कार्यस्थल से श्मशान रोड के रास्ते घर जा रहा था। गैस एजेंसी के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका रास्ता रोककर झगड़ा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उसके 2-3 साथी भी वहां पहुंच गए। दो आरोपियों ने पीड़ित को पीछे से पकड़ लिया और चाकू की नोक पर उसका पर्स लूट लिया। पर्स में 6000 रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज थे। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना विजय विहार में एफआईआर संख्या 349/26 बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी रोहिणी बृजमोहन मीणा के निर्देशन में एसएचओ विजय विहार इंस्पेक्टर मनोहर लाल के नेतृत्व में एसआई रजत, एचसी ओम प्रकाश और कांस्टेबल प्रशांत की टीम गठित की गई। क्राइम टीम रोहिणी को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

2 जुलाई को पुलिस ने मानवीय सूचना के आधार पर श्मशान घाट रोड, लाल क्वार्टर, विजय विहार के पास छापा मारकर मुख्य आरोपी इरशाद उर्फ बल्ला, 28 वर्ष, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने वारदात में शामिल होना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पीड़ित का पर्स, 1000 रुपये नकद और आधार कार्ड बरामद हुआ।

3 जुलाई को इरशाद की निशानदेही पर पुलिस ने डीडीए पार्क, अवंतिका, रोहिणी से तीन अन्य आरोपी विपिन उर्फ बंटा, 34 वर्ष, संजय उर्फ लुंगी, 35 वर्ष, और करन उर्फ लंबू, 25 वर्ष, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की बात कबूली। विपिन उर्फ बंटा की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक चाकू, पीड़ित का पर्स, 1000 रुपये नकद, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद किए हैं। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *