नई दिल्ली, 06 अगस्त 2026
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की AGS यूनिट ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात रोहित चौधरी गैंग के शातिर बदमाश को राजस्थान के टपूकड़ा से गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आजम पुत्र साबिर (40) निवासी चंदन होला, दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी थाना फतेहपुर बेरी का घोषित बदमाश (BC) है और एक साल से फरार चल रहा था। वह 5 संगीन मामलों में वांछित था और अदालत ने उसे भगोड़ा (PO) घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, चोरी और पुलिस पर हमले के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। साल 2025 में NBW तामील करने गई पुलिस टीम पर आरोपी और उसके परिवार ने हमला कर सरकारी ERV वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया था और हिरासत से फरार हो गया था।
डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा के निर्देशन में ACP भगवती प्रसाद की देखरेख और इंस्पेक्टर पवन कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। HC हनुमान की सूचना और ASI राहुल कुमार की तकनीकी निगरानी के बाद टीम ने महीनों तक अलवर, तिजारा और भिवाड़ी में उसके ठिकानों पर दबिश दी।
आखिरकार 2 अगस्त को टपूकड़ा के अंजुमन अस्पताल के पास जाल बिछाकर उसे दबोचा गया। पुलिस को देख वह अस्पताल की छत से दूसरी इमारतों पर कूदकर भागने लगा, लेकिन टीम ने दौड़ाकर उसे काबू कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी 2017 में जेल में रहने के दौरान रोहित चौधरी गैंग के संपर्क में आया था और गैंग के लिए अवैध हथियारों की सप्लाई करता था।