पूर्वी जिले में 600 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा, सेल्फ डिफेंस से लेकर साइबर सुरक्षा तक दी गई जानकारी
नई दिल्ली, 15 जुलाई। बाल सुरक्षा जागरूकता माह के तहत दिल्ली पुलिस ने आज पूर्वी जिले में एक मेगा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। ‘वी केयर’ पहल के अंतर्गत यह कार्यक्रम आईपी एक्सटेंशन, पटपड़गंज स्थित सर्वोदय सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दिल्ली पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड की संगीतमय प्रस्तुति से हुई, जिसके बाद स्कूली छात्रों ने सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया। एसपीयूडब्ल्यूएसी (SPUWAC) की टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए और सेल्फ डिफेंस की प्रैक्टिकल डेमो दी। ट्रैफिक पुलिस की टीम ने सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता सत्र चलाया और बाद में एक क्विज प्रतियोगिता के जरिए छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए साइबर थाने के अधिकारियों ने ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर फ्रॉड से बचाव पर विशेष सत्र लिया। वहीं एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशे के दुष्प्रभावों और पदार्थों के दुरुपयोग पर व्याख्यान दिया। मधु विहार के एसीपी श्री तिलक चंद बिष्ट ने भी सभा को संबोधित किया और छात्रों को अनुशासन व अच्छे आचरण के महत्व के बारे में बताया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दिल्ली पुलिस की स्वाट (SWAT) टीम रही। टीम ने अपने विशेष टैक्टिकल वाहन का प्रदर्शन किया और उच्च जोखिम वाली स्थितियों से निपटने में अपनी भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही जन संपर्क वाहन (मोबाइल डिस्प्ले वैन) के माध्यम से बाल सुरक्षा और साइबर ठगी की रोकथाम पर वीडियो फिल्में दिखाई गईं।
कार्यक्रम का समापन रस्साकशी प्रतियोगिता के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में करीब 600 छात्र, शिक्षक और स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।