दिल्ली पुलिस की ‘वी केयर’ पहल: अजमल खां पार्क में जागरूकता कार्यक्रम, बुजुर्गों को साइबर ठगी से बचने के टिप्स दिए

नई दिल्ली, 19 सितंबर।

दिल्ली पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत अपनी जन-जुड़ाव मुहिम को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को मध्य जिले के अजमल खां पार्क में ‘वी केयर’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

पुलिस मीडिया सेंटर (PMMC) यूनिट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम के दौरान थाना दरियागंज… नहीं, DBG रोड के एसएचओ ने साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर विस्तृत जानकारी दी। बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्हें नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि किस तरह ठग बुजुर्गों को निशाना बनाते हैं और ठगी होने पर तुरंत क्या कदम उठाने चाहिए।

कार्यक्रम में SPUWAC यूनिट की विशेष टीम ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा के गुर सिखाए और प्रैक्टिकल डेमो दिया। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर लोगों को जागरूक किया।

जनसंपर्क को और प्रभावी बनाने के लिए PRO ब्रांच के जन संपर्क वाहन के माध्यम से महिला एवं बाल सुरक्षा पर आधारित जागरूकता वीडियो भी दिखाए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण SWAT टीम का सामरिक प्रदर्शन रहा, जिसने अपनी तैयारियों और कौशल का प्रदर्शन किया। अंत में दिल्ली पुलिस महिला बैंड की संगीतमय प्रस्तुति ने मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।

डीसीपी, PMMC नेहा यादव (IPS) ने बताया कि ‘वी केयर’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए दिल्ली पुलिस लगातार जनता के करीब आने और उन्हें सुरक्षित रखने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *