दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय उगाही गैंग का किया पर्दाफाश , मुठभेड़ के बाद मुख्य शूटर समेत 5 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 7 जुलाई 2026
मध्य जिला पुलिस ने पहाड़गंज के हाई-प्रोफाइल उगाही और फायरिंग केस का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय उगाही गैंग के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य शूटर पवन कुमार उर्फ पवन पहलवान को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, जबकि मुख्य साजिशकर्ता शक्ति सिंह को कोलकाता से दबोचा गया। इस साजिश में एक स्थानीय बिल्डर-होटल मालिक भी शामिल था।

क्या है मामला
29 जून 2026 को नबी करीम थाने में शिकायत मिली थी कि आर्य नगर, पहाड़गंज स्थित एक बिल्डर के दफ्तर में हथियारबंद युवक ने 30 लाख रुपये की उगाही मांगी। 5 लाख रुपये तुरंत देने का दबाव बनाया और इनकार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर फरार हो गया। पुलिस ने एफआईआर संख्या 297/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

कैसे रची गई साजिश
जांच में सामने आया कि यह वारदात पूरी तरह से सुनियोजित थी। शूटर पवन पहलवान बहादुरगढ़, हरियाणा का रहने वाला है। वह खुद को फाइनेंसर बताकर पहाड़गंज में खौफ पैदा कर उगाही का नेटवर्क खड़ा करना चाहता था।

इस साजिश में स्थानीय बिल्डर-होटल मालिक पवन कुमार उर्फ पवन चेतली और उसके साथी राजेश सचदेवा उर्फ सोनू मोटा ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने गैंग को ठहरने की जगह, मीटिंग का इंतजाम और शिकायतकर्ता के परिवार की जानकारी दी। पवन चेतली अपने कारोबारी प्रतिद्वंदी को डराना और बिल्डर लॉबी में दबदबा बढ़ाना चाहता था।

सभी आरोपियों ने वारदात से पहले पहाड़गंज के एक होटल में बैठकर पूरी योजना बनाई और शिकायतकर्ता के दफ्तर की रेकी भी की।

कैसे पकड़े गए आरोपी
एसीपी पहाड़गंज सौरभ ए नरेंद्र की देखरेख में नबी करीम थाना और स्पेशल स्टाफ की चार टीमें बनाई गईं। सीसीटीवी, सीडीआर, होटल रिकॉर्ड और तकनीकी निगरानी से पहले विशाल भाटी उर्फ भांजा पकड़ा गया। उसी से पूछताछ में पूरी साजिश खुली।

इसके बाद जॉइंट टीम ने कोलकाता से मुख्य साजिशकर्ता शक्ति सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर दबोचा। शक्ति सिंह गौतम बुद्ध नगर, यूपी के थाना इको टेक-1 का हिस्ट्रीशीटर है और 13 मामलों में शामिल रह चुका है।

मुख्य शूटर पवन पहलवान लगातार इंस्टाग्राम पर हथियार लहराते हुए पुलिस को चुनौती दे रहा था। 5 जुलाई को स्पेशल स्टाफ को आईपी एस्टेट कब्रिस्तान के पास उसके होने की सूचना मिली। पुलिस को देख उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। इस पर आईपी एस्टेट थाने में अलग एफआईआर 260/2026 दर्ज हुई।

अब तक 5 गिरफ्तार

  1. पवन कुमार उर्फ पवन पहलवान, 23, बहादुरगढ़ – मुख्य शूटर 2. शक्ति सिंह, 41, गौतम बुद्ध नगर – मुख्य साजिशकर्ता, 13 केसों में शामिल 3. विशाल भाटी उर्फ भांजा, 21, शाहदरा – साजिश में सक्रिय 4. पवन कुमार उर्फ पवन चेतली, 46, पहाड़गंज – स्थानीय बिल्डर, 3 केस दर्ज 5. राजेश सचदेवा उर्फ सोनू मोटा, 55, पहाड़गंज – सहयोगी, 2 केस दर्ज
    बरामदगी
    पवन पहलवान से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन खाली खोल और चोरी की मोटरसाइकिल यूपी15BC4366 बरामद हुई। बाइक मधु विहार थाने से चोरी हुई थी।

डीसीपी रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के मंसूबों को नाकाम कर इलाके में खौफ फैलाने की कोशिश विफल कर दी। हथियार की बरामदगी और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *