दिल्ली पुलिस ने ‘वी केयर’ कार्यक्रम से बाल सुरक्षा जागरूकता को दी मजबूती

नई दिल्ली, 9 जुलाई 2026

डीसीपी/एसपीयूडब्ल्यूएसी नेहा यादव, आईपीएस ने बताया कि बाल सुरक्षा जागरूकता माह-जुलाई 2026 के तहत दिल्ली पुलिस ने आज श्री राम ग्लोबल स्कूल, टिकरी कलां में ‘वी केयर’ कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दिल्ली पुलिस ऑर्केस्ट्रा बैंड की संगीतमय प्रस्तुति से हुई।

छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक सुरक्षा कौशल से सशक्त बनाने के लिए एसपीयूडब्ल्यूएसी टीम ने विशेष आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया। स्वाट टीम ने भी भाग लिया और विद्यार्थियों को दिल्ली पुलिस के विशेष सुरक्षा अभियानों की जानकारी दी।

बाहरी जिला साइबर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने डिजिटल दुनिया में बच्चों की सुरक्षा के लिए साइबर सेफ्टी और ऑनलाइन सिक्योरिटी पर व्याख्यान दिया। ट्रैफिक पुलिस टीम ने इंटरैक्टिव सत्र और क्विज के जरिए यातायात नियमों की जानकारी दी। छात्रों को ट्रैफिक सिग्नल समझाने के लिए लाल, पीले और हरे रंग की टोपियां भी बांटी गईं। टीम भावना बढ़ाने के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

डीपीपीएस में भी आयोजित हुए कार्यक्रम
इसी क्रम में दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल, सफदरजंग एन्क्लेव में भी बाल सुरक्षा जागरूकता माह के तहत कई गतिविधियां हुईं। आठवीं से बारहवीं तक की छात्राओं के लिए साइबर सेफ्टी वर्कशॉप आयोजित की गई। इंस्पिरेशनल एकेडमिक कंसल्टेंट्स की संस्थापक डॉ. प्रेरणा त्रिपाठी ने छात्रों को डिजिटल दुनिया में उनके अधिकारों, जिम्मेदारियों और साइबर खतरों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने छात्रों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर मदद मांगने की अपील की।

इसके अलावा डीपीपीएस, न्यू पुलिस लाइंस में ‘सुरक्षित और असुरक्षित स्थान’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें छात्रों ने बाल सुरक्षा पर अपने विचार रचनात्मक रूप से व्यक्त किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *