नई दिल्ली, 5 अगस्त। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की साउथ-वेस्टर्न रेंज ने 700 किलोमीटर लंबी अंतरराज्यीय पीछा कर कुख्यात रोहित चौधरी गैंग के सदस्य और चार मामलों में घोषित भगोड़ा राहुल रावत (28) को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल रावत संगम विहार का रहने वाला है। वह तिहाड़ जेल के अंदर साथी कैदी पर नुकीले हथियारों से जानलेवा हमले के मामले में वांछित था। इस संबंध में थाना हरि नगर में FIR No. 156/23 दर्ज है। आरोपी इस केस में फरार चल रहा था और लगातार ठिकाने बदल रहा था।
एसीपी पूरन चंद्र पंत की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप यादव और इंस्पेक्टर नीरज कुमार की टीम ने 10 दिन की मेहनत के बाद सूचना विकसित की। हेड कांस्टेबल नवीन शर्मा और SI विशाल तिवारी को 17 जुलाई को उसके उदयपुर में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद SI विशाल तिवारी की टीम ने उदयपुर की अग्रवाल कॉलोनी में दबिश देकर 18 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी कारजैकिंग, लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट सहित 7 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें से 4 मामलों में उसे कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया हुआ था।