अशोक कुमार निर्भय
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के मादीपुर मंडल की ओर से रविवार को सामुदायिक भवन, मादीपुर में दिल्ली प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री मोहन लाल गिहारा का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा द्वारा प्रदेश महामंत्री का दायित्व सौंपे जाने के बाद आयोजित इस सम्मान समारोह में विधायक कैलाश गंगवाल के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, संगठनात्मक ऊर्जा और कार्यकर्ताओं का जोश देखने को मिला।
समारोह का आयोजन भाजपा मादीपुर मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव एवं कार्यक्रम संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मवीर ठगेला के नेतृत्व में किया गया। मोहन लाल गिहारा के समारोह स्थल पहुंचते ही ढोल-ताशों और जोरदार नारों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और पूरे परिसर में “भारत माता की जय” तथा “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव और कार्यक्रम संयोजक धर्मवीर ठगेला ने मोहन लाल गिहारा को विशाल पुष्पमाला पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
अपने संबोधन में मोहन लाल गिहारा ने दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान सर्वोपरि है। पार्टी का प्रत्येक पद जिम्मेदारी और सेवा का माध्यम है तथा संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज सेवा के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि मोहन लाल गिहारा लंबे समय से संगठन के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ पूरे प्रदेश संगठन को मिलेगा तथा उनके नेतृत्व में भाजपा दिल्ली में और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम संयोजक धर्मवीर ठगेला ने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल एक व्यक्ति का अभिनंदन नहीं, बल्कि संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई जिम्मेदारी के साथ मोहन लाल गिहारा संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
इस मौके पर मंडल महामंत्री ताराचंद दोतानिया, संजीव सोनकर,निलेश चौहान, शोभा सिंह, मंजू राजपूत, नरेश अटल, आकाश सोनकर, श्याम रावत, ठाकुर दास, राकेश चौहान,अजमेर सिंह,कमल यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा,रमेश यादव,मास्टर महेंद्र सिंह,कृष्ण कुमार कश्यप,रामकुमार सिसोदिया,नवीन कुमार समेत समारोह में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों को व्यापक रूप से चलाने का संकल्प भी लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और संगठन की एकजुटता तथा आगामी राजनीतिक और सामाजिक अभियानों को सफल बनाने का संकल्प दोहराया गया।