नई दिल्ली, 20 अगस्त। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हथियार तस्करी के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रेम सिंह राठौड़ (33 वर्ष) के रूप में हुई है।
स्पेशल सेल/ SWR के इंस्पेक्टर मनेंद्र सिंह की टीम ने एसीपी पूरन चंद्र पंत की देखरेख में 8 अगस्त को कार्रवाई की। खुफिया सूचना मिली थी कि आरोपी दिल्ली-गुरुग्राम हाईवे पर हथियारों की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। सूचना पर एनएच-48 स्थित शंकर विहार बस स्टैंड के पास जाल बिछाकर सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी को पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से 10 अवैध हथियार बरामद हुए। जिसमें अत्याधुनिक जिगाना पिस्टल (9mm), 4 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल (7.65mm) और 5 देसी कट्टा (.315 बोर) शामिल है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले एक साल से बुरहानपुर, मध्य प्रदेश के एक सरगना के लिए कूरियर का काम करता था। यह गिरोह बुरहानपुर के स्थानीय कारीगरों से हथियार बनवाकर दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, गुजरात और यूपी में बदमाशों को सप्लाई करता था।
आरोपी बुरहानपुर के नेपानगर का रहने वाला है और पेशे से छोटा किसान है।
इस संबंध में स्पेशल सेल थाने में एफआईआर नंबर 187/26, आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 25(8) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब फरार सरगना और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।