शराब के शौकीनों के लिए बुरी खबर, आबकारी विभाग ने जारी किया ड्राई-डे का आदेश
राजधानी दिल्ली में शराब पीने वालों के लिए बड़ी खबर है। अगले दो दिन यानी 9 अक्टूबर (गुरुवार) और 10 अक्टूबर (शुक्रवार) को दिल्ली में शराब की सभी दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
आबकारी विभाग के आदेश के मुताबिक, इन दो दिनों के लिए दिल्ली में ड्राई डे घोषित किया गया है। आदेश में साफ कहा गया है कि L6, L6FG, L8, L10, L14 और L8 & L14 लाइसेंस के तहत चलने वाली सभी खुदरा शराब की दुकानें बंद रहेंगी। इसका मतलब है कि सरकारी और प्राइवेट, दोनों तरह की सभी रिटेल दुकानों पर ताला लगा रहेगा।
क्यों लिया गया फैसला?
विभाग ने बताया कि यह फैसला दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट और मौजूदा हालात को देखते हुए लिया गया है। दरअसल, राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
बताया जा रहा है कि 10 अक्टूबर को विपक्षी दलों और INDIA ब्लॉक के बड़े विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने आबकारी विभाग से दुकानें बंद रखने का अनुरोध किया था। प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है।
गौरतलब है कि इस आदेश के बाद दिल्ली में दो दिन तक शराब की बिक्री पूरी तरह ठप रहेगी।