नई दिल्ली, 08 अक्टूबर 2026
आगामी रामलीला उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था और जन सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक यूनिट ने आज बड़ी समन्वय बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक जोन-1) सुश्री विजयंता गोयल आर्य ने की। इसमें सेंट्रल, ईस्टर्न और नॉर्दर्न रेंज की रामलीला कमेटियों के 73 आयोजकों ने हिस्सा लिया। साथ ही संबंधित डीसीपी, एसीपी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर भी मौजूद रहे।
बैठक में लिए गए मुख्य फैसले –
- अलग प्रवेश और निकास द्वार: भीड़ को रोकने के लिए अलग-अलग गेट बनाने और उन्हें वाहनों से मुक्त रखने के निर्देश।
- पैदल यात्रियों के लिए अलग रास्ता: पार्किंग से पंडाल तक सुरक्षित पैदल मार्ग बनाने पर जोर, खासकर कार्यक्रम शुरू होने और खत्म होने के समय।
- पार्किंग और मार्शल तैनाती: पर्याप्त पार्किंग चिन्हित करने और गेट व पार्किंग पर प्रशिक्षित मार्शलों की तैनाती के निर्देश। मार्शल ट्रैफिक पुलिस के दिशा-निर्देश में काम करेंगे।
- इमरजेंसी वाहनों के लिए रास्ता: एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए रास्ते हर समय खुले रखने, नजदीकी अस्पतालों के नंबर तैयार रखने के निर्देश।
- सुरक्षा ऑडिट: पंडाल, स्टेज बनाते समय सड़क बाधित न करने और कार्यक्रम से पहले फायर व स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य करने को कहा गया।
ट्रैफिक पुलिस ने सभी आयोजकों से डीसीपी, एसीपी से लगातार संपर्क में रहने और जनता से तय पार्किंग का उपयोग करने व पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।