नई दिल्ली, 28 सितंबर। राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर वुमेन एंड चिल्ड्रन (SPUWAC) ने विशेष अभियान तेज कर दिया है।
SPUWAC की 15 टीमों में शामिल 95 महिला पुलिसकर्मी दिल्ली के सभी जिलों में लगातार फुट और स्कूटी पेट्रोलिंग कर रही हैं। पार्क, डार्क स्पॉट, संवेदनशील इलाकों में फुट पेट्रोलिंग, जबकि बाजार, सार्वजनिक स्थल, स्कूल-कॉलेज, रिहायशी इलाकों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर स्कूटी पेट्रोलिंग की जा रही है।
इस पहल का मकसद उन जगहों पर महिला पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाना है, जहां महिलाएं और युवतियां खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं, ताकि उनमें सुरक्षा और विश्वास की भावना बढ़े।
पेट्रोलिंग के दौरान महिला पुलिसकर्मी छेड़छाड़, ईव-टीजिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही हैं। साथ ही महिलाओं से संवाद कर पुलिस सहायता और हेल्पलाइन के बारे में जागरूक कर रही हैं और किसी भी घटना की तुरंत रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
SPUWAC ने कहा है कि वह दिल्ली को महिलाओं और बच्चों के लिए और अधिक सुरक्षित और फ्रेंडली बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।