नई दिल्ली, 19 सितंबर। राजधानी में यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान छेड़ रखा है। उपराज्यपाल, दिल्ली के मार्गदर्शन और पुलिस आयुक्त, दिल्ली के नेतृत्व में पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान, ट्रैफिक संगम और ट्रैफिक पाठशाला जैसी पहलों के जरिए सड़कों पर दृश्यमान सुधार किया है।
दिल्ली यातायात पुलिस मुख्यालय की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (आईपीएस) प्रतीक्षा गोदारा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुगम यातायात और अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए इस वर्ष 1 जनवरी से 15 सितंबर 2026 तक सभी रेंज में कुल 5,399 विशेष अतिक्रमण / जाम हटाओ अभियान चलाए गए।
इन अभियानों के दौरान 30,040 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं और 3,83,590 वाहनों के खिलाफ अनुचित पार्किंग के लिए चालान और VoCAs के माध्यम से कार्रवाई की गई।
केवल 1 से 15 सितंबर 2026 तक चले विशेष अभियान में ही 170 ड्राइव चलाकर 1,477 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं और 8,567 अनुचित पार्किंग के चालान किए गए।
प्रोजेक्ट संगम: RWA-MWA के साथ संवाद
पुलिस ने बताया कि 5 अप्रैल से 17 सितंबर 2026 तक प्रोजेक्ट संगम के तहत स्थानीय यातायात समस्याओं के समाधान के लिए नियमित सामुदायिक संपर्क किया गया। इस अवधि में RWA और MWA के साथ 683 बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें 569 सुझाव प्राप्त हुए। इनमें से 462 सुझावों पर अमल किया जा चुका है, जबकि 107 सुझावों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया है। इसके अलावा बेहतर समन्वय के लिए 20 संयुक्त गश्त अभियान भी चलाए गए।
ट्रैफिक पाठशाला: 33 हजार से अधिक उल्लंघन पकड़े
यातायात पुलिस की ट्रैफिक पाठशाला पहल के तहत 8 जुलाई से 17 सितंबर 2026 तक सभी रेंज में 1,399 चौराहा अभियानों के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता पर जोर दिया गया।
इस दौरान 4,375 रॉन्ग साइड ड्राइविंग, 1,884 रेड लाइट जंपिंग, 3,263 ट्रिपल राइडिंग और 11,151 बिना हेलमेट के मामले पकड़े गए। इसके अलावा 12,390 अन्य उल्लंघन भी दर्ज किए गए।
पुलिस ने 1,679 जागरूकता सत्र आयोजित कर 29,665 लोगों को जागरूक किया, वहीं नियमों का पालन करने वाले 3,741 जिम्मेदार नागरिकों को पुरस्कृत भी किया गया।
दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा कि शिक्षा, प्रवर्तन, इंजीनियरिंग और नागरिक भागीदारी के समन्वय से दिल्ली की सड़कों को और अधिक सुरक्षित, अनुशासित और सुगम बनाया जाएगा।