नई दिल्ली, 22 सितंबर 2026
गांधी नगर थाना पुलिस ने नकली नोटों के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य आरोपियों को दिल्ली और बोधगया से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 187 नकली 500 रुपये के नोट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 93,500 रुपये है।
पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त को कोटक महिंद्रा बैंक, गांधी नगर शाखा से 18 नकली नोटों की शिकायत मिली थी। दुकानदार नफीस अहमद ने बताया था कि दानिश नाम के व्यक्ति ने कपड़े खरीदकर नकली नोट दिए थे। सीसीटीवी और लोकल इंटेलिजेंस से आरोपी मो. दानिश (35) को गांधी नगर मार्केट से ही दबोचा गया।
पूछताछ में दानिश ने बताया कि उसने झारखंड के चतरा निवासी गुड्डू से 10 हजार असली के बदले 30 हजार के नकली नोट लिए थे।
इसी लीड पर इंस्पेक्टर रोबिन सिंह की टीम ने बोधगया में छापेमारी कर दूसरे आरोपी मो. मेराज उर्फ गुड्डू (36) को पकड़ा। उसके बैग से 169 नकली नोट (84,500 रुपये) बरामद हुए।
जांच में खुलासा हुआ है कि इस नेटवर्क के तार दिल्ली से बिहार, झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा तक जुड़े हैं। गुड्डू ने मालदा के ‘मामा उर्फ छोटू’ और ‘भैया जी’ से नोट लाने की बात कबूली है। पुलिस अब मालदा कनेक्शन की जांच कर रही है।