नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। उत्तर-पूर्वी जिले के सीलमपुर इलाके में हुए हत्याकांड को पुलिस ने सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात करीब 9:04 बजे जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक व्यक्ति को भर्ती कराया गया है, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान वसीम (32), पुत्र अकरम, निवासी ई-ब्लॉक झुग्गी, न्यू सीलमपुर के रूप में हुई। वसीम को गली नंबर-9, नाले के पास स्थित अपनी इलेक्ट्रिक सामान रिपेयर की दुकान पर गोली मारी गई थी।
इस संबंध में थाना सीलमपुर में एफआईआर नंबर 358/26, दिनांक 15.10.2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसएचओ इंस्पेक्टर अभिजीत के नेतृत्व में और एसीपी सीलमपुर की देखरेख में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी अल्तमश खान (30), पुत्र स्व. अमजद मलिक, निवासी के-ब्लॉक, न्यू सीलमपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पहले से लूट का एक मामला दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है। वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।