नबी करीम में प्लास्टिक लेजर कटिंग की दुकान में लगी आग, बड़ा हादसा टला

नई दिल्ली, 9 जुलाई। मध्य दिल्ली के नबी करीम थाना क्षेत्र अंतर्गत मुल्तानी ढांडा में बीती रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, गली नंबर-4 स्थित प्रॉपर्टी संख्या 8774 के भूतल पर चल रही प्लास्टिक लेजर कटिंग की दुकान में अचानक आग भड़क उठी।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग लगते ही पूरे इलाके में धुआं भर गया और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी और अग्निशमन यंत्रों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त दुकान में देर रात तक प्लास्टिक लेजर कटिंग का काम चलता है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। निवासियों ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार एमसीडी करोल बाग जोन के अधिकारियों से की गई थी, लेकिन डीएमसी एक्ट के तहत अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।

घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है। लोगों ने मांग की है कि आवासीय इलाके में चल रही ऐसी खतरनाक व्यावसायिक गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *