नई दिल्ली। द्वारका जिले के स्पेशल स्टाफ ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन महिला ड्रग पेडलर को 5.043 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान वीना (33) निवासी रानाजी एनक्लेव, नांगली सकरावती, नजफगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी नजफगढ़ थाने की घोषित बीसी है और पहले से ही NDPS और आबकारी एक्ट के 10 मामलों में शामिल रही है।
DCP द्वारका कुशाल पाल सिंह के निर्देशन में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि नांगली विहार एक्सटेंशन, गांव नांगली सकरावती में गांजे की पुड़िया बनाकर बेची जा रही हैं। सूचना पर SI दिनेश कुमार, SI तोपेश समेत टीम ने छापा मारकर वीना को रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी के कब्जे से 5.043 किलो उच्च क्वालिटी का गांजा, बिक्री के लिए तैयार 500 छोटी पुड़ियां, 3,600 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से पंजाब की रहने वाली है और शादी के बाद दिल्ली आई थी। पहले वह अवैध शराब बेचती थी, बाद में ज्यादा पैसे के लालच में गांजे की तस्करी शुरू कर दी। 2024 में भी वह NDPS केस में पकड़ी गई थी, लेकिन जमानत पर आकर फिर से यही धंधा शुरू कर दिया।
इस संबंध में थाना नजफगढ़ में FIR No. 448/26, धारा 8/20/25 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गांजे के सोर्स और सप्लाई चेन में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।