दिल्ली पुलिस के थाना पहाड़गंज की टीम ने 48 घंटे की अथक मेहनत के बाद दो सक्रिय चेन स्नैचरों अर्जुन उर्फ बादल उर्फ छमता उर्फ राहुल उर्फ सांगा उर्फ करन जो कि मुल्तानी ढांडा का रहने वाला है और ओवेश,निवासी मकरी चौक, जाफराबाद को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को दरियागंज थाने में दर्ज चेन स्नैचिंग के मामले में पकड़ा गया है। इनमें से एक आरोपी थाना पहाड़गंज का सक्रिय बीसी (Bad Character) है।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 22.जून को थाना दरियागंज में चेन स्नैचिंग की सूचना मिली। शिकायतकर्ता अपने दोस्त के साथ गुरु नानक चौक, जेएलएन मार्ग से जी.बी. पंत अस्पताल की तरफ गलत दिशा से जा रहा था। गलत रास्ता होने का अहसास होने पर वह कमला मार्केट की ओर वापस मुड़ा।
गुरु नानक चौक, जेएलएन मार्ग पहुंचने से थोड़ा पहले एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो व्यक्ति उनके पास आए। पीछे बैठे व्यक्ति ने काली शर्ट और टोपी पहनी हुई थी। उसने अचानक शिकायतकर्ता के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। इसके बाद बाइक सवार कमला मार्केट की ओर फरार हो गए।
इस संबंध में एफआईआर संख्या 222/2026, धारा 304(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश की जिम्मेदारी थाना पहाड़गंज की टीम को भी सौंपी गई।
एसएचओ पहाड़गंज के पर्यवेक्षण और एसीपी पहाड़गंज के समग्र निर्देशन में दो विशेष टीमें बनाई गईं। टीम-I में हेड कांस्टेबल पंकज, कांस्टेबल सीता राम और कांस्टेबल रवि शामिल थे। टीम-II में एसआई सुधीर, हेड कांस्टेबल राकेश, हेड कांस्टेबल जगवीर, कांस्टेबल पुनीत और कांस्टेबल दीपक थे।
दोनों टीमों ने तकनीकी इनपुट, ह्यूमन इंटेलिजेंस और कई जगहों पर लगातार छापेमारी कर 48 घंटे तक अथक प्रयास किए। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद दोनों को थाना दरियागंज के जांच अधिकारी एएसआई मुकेश को सौंप दिया गया।
लगातार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चेन स्नैचिंग की वारदात कबूल की। उन्होंने बताया कि उन्होंने झपटी गई सोने की चेन सदर बाजार के एक व्यक्ति को 20,000 रुपये में बेच दी थी। पूरी रकम उन्होंने खाने-पीने और निजी जरूरतों पर खर्च कर दी। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।केस प्रॉपर्टी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।