नई दिल्ली, 4 अगस्त।
त्योहारी सीजन से पहले पूर्वी जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एएसबी सेल ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 147 पेटी अवैध शराब बरामद की है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 2/3 अगस्त की रात गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा ऐस (छोटा हाथी) में हरियाणा से शराब की बड़ी खेप गाजीपुर श्मशान घाट के पास लाई जा रही है। सूचना पर एएसआई सबू, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र, सुबोध, मनेंद्र और कांस्टेबल मोरध्वज की टीम ने घेराबंदी की। आबकारी विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में टाटा ऐस को रोककर चालक मोहित (24), निवासी शामली, यूपी को दबोच लिया।
तलाशी में गाड़ी से 147 कार्टन शराब बरामद हुई, जिसमें 5200 क्वार्टर संतरा देसी शराब, 850 क्वार्टर Race-7 और 312 बोतल मुरथल नंबर 1 शामिल है। सभी पर ‘केवल हरियाणा में बिक्री हेतु’ लिखा था। तस्करी में इस्तेमाल टाटा ऐस DL1LAG**** को भी जब्त कर लिया गया है।
थाना गाजीपुर में FIR No. 375/2026, धारा 33/58 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पहले भी 5 आबकारी मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।