तीन अत्याधुनिक पिस्टल, 26 कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद, करोल बाग के ज्वैलर्स भी थे निशाने पर
नई दिल्ली, रोहिणी। रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ और नॉर्थ रोहिणी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात हैरी बॉक्सर गैंग के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 9 एमएम और बेरेटा समेत तीन अत्याधुनिक अवैध पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस और एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह कार्रवाई विशेष पुलिस आयुक्त, कानून व्यवस्था, जोन-1 देवेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज श्री विजय सिंह के पर्यवेक्षण में, डीसीपी रोहिणी श्री शशांक जायसवाल के निर्देशन में की गई।
8 मार्च 2026 को नॉर्थ रोहिणी थाने में एक व्यापारी ने शिकायत दी कि उसे विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है। कॉल करने वाले ने खुद को रणदीप मलिक और हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़ा बताया और जान से मारने की धमकी दी।
जांच के दौरान पता चला कि गैंग दिल्ली-एनसीआर के व्यापारियों से 5 करोड़ तक की रंगदारी मांग रहा था। 4 जुलाई को शिकायतकर्ता को फिर से कॉल आया, जिसमें हैरी बॉक्सर ने उसके घर की फोटो-वीडियो भेजकर कहा कि रेकी पूरी हो चुकी है, पैसे नहीं दिए तो परिवार समेत हत्या कर दी जाएगी। इसी पर थाना नॉर्थ रोहिणी में FIR No. 111/2026 धारा 308(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी, ह्यूमन इंटेलिजेंस, 15 दिन की सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल फोरेंसिक की मदद से जाल बिछाया।
सबसे पहले श्रीनिवासपुरी से शिव गोविंद को पकड़ा गया। उसके मोबाइल से शिकायतकर्ता के घर और करोल बाग की ज्वैलरी दुकानों की रेकी के फोटो-वीडियो मिले, जो सिग्नल ऐप के जरिए हैंडलर्स को भेजे गए थे। उसकी निशानदेही पर 8 जुलाई को आज़मगढ़ निवासी अभिनव उर्फ आकाश सिंह और विवेक को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी आज़मगढ़, यूपी से दिल्ली आए थे और पकड़े जाने से बचने के लिए अलग-अलग होटलों में रुके थे। हथियारों को रोहिणी सेक्टर-11/25 के नाले के पास जमीन में गाड़ कर छिपाया गया था।
जांच में सामने आया है कि अवैध हथियार अमेरिका में बैठे अनिल पंडित ने सप्लाई किए थे। गैंग विदेश में बैठे हैंडलर्स के इशारे पर एन्क्रिप्टेड ऐप से धमकी देता था और लोकल शूटर रेकी कर टारगेट तय करते थे।
पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी गैंगवार और टारगेट किलिंग की वारदात को टाल दिया गया। फरार हैंडलर्स रणदीप मलिक, हैरी बॉक्सर और अनिल पंडित की तलाश जारी है।