दिल्ली के मध्य जिले में स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, 29 महिलाएं मुक्त, 15 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 27 नवंबर। मध्य जिला पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार स्पा सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान 29 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जबकि 15 आरोपियों को गिरफ्तार/पकड़ा गया।

रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार 26 नवंबर को थाना नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग की टीमों ने समन्वित छापेमारी की। डिकॉय कस्टमर भेजकर जानकारी की पुष्टि के बाद चारों जगह छापे मारे गए। चारों मामलों में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3/4/5 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

नबी करीम: ए-वन स्पा एंड सलून, रतनलाल बिल्डिंग, राम नगर, पहाड़गंज पर छापे में 6 महिलाएं मुक्त कराई गईं और मालिक, सह-मालिक, मैनेजर समेत 8 आरोपी गिरफ्तार किए गए। एफआईआर नंबर 552/2026 आईटीपी एक्ट और 553/2026 धारा 223ए बीएनएस के तहत दर्ज हुई।

पहाड़गंज: ऑर्गेनिक स्पा, मेन बाजार, 6 टूटी चौक पर छापे में 3 महिलाएं मुक्त कराई गईं। मैनेजर सम्प्रिता झा (38) को पकड़कर पाबंद किया गया। मौके से 5,000 रुपये नकद, तीन गर्भनिरोधक, एक रजिस्टर व पेन बरामद हुआ। एफआईआर नंबर 509/2026 दर्ज हुई। जांच में सामने आया कि स्पा का लाइसेंस रविता रमन झा के नाम पर था।

करोल बाग: मौर्य स्पा, डब्ल्यूईए में डिकॉय कांस्टेबल ने 1,500 रुपये एडवांस देकर पुष्टि की। छापे में 10 महिलाएं मुक्त कराई गईं और दो मैनेजर शुभंकर व निधि सोनी समेत 6 लोग पकड़े गए। एफआईआर नंबर 1250/2026 दर्ज हुई। वहीं हेरिटेज स्पा, टैंक रोड पर छापे में 10 महिलाएं मुक्त कराई गईं और रिसेप्शनिस्ट/मैनेजर सूरज (20) को पकड़ा गया। एफआईआर नंबर 1251/2026 दर्ज हुई।

पटेल नगर: अलग कार्रवाई में थाना पटेल नगर पुलिस ने द पैलेस स्पा और द गैलेक्सी स्पा, ईस्ट पटेल नगर में कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन न कराने पर बीएनएस की धारा 223(ए) के तहत दो एफआईआर नंबर 364/2026 व 365/2026 दर्ज कीं।

छापेमारी के दौरान नकद, कस्टमर रजिस्टर, गर्भनिरोधक सामग्री, लाइसेंस दस्तावेज व अन्य सबूत जब्त किए गए। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *