नई दिल्ली, 27 नवंबर। मध्य जिला पुलिस के महिला व बाल सुरक्षा अभियान 2026 के शुरुआती चरण में बड़ी सफलता मिली है। 18 नवंबर से 25 नवंबर तक चले अभियान में जिले के 23 स्कूलों के करीब 5,000 छात्रों को महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
यह अभियान 15 नवंबर से 16 दिसंबर तक चल रहा है। इसमें थानों के एसएचओ, एटीओ, ब्रावो स्टाफ सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और छात्रों से सीधा संवाद किया।
अभियान के दौरान पटेल नगर, पहाड़गंज, रंजीत नगर, राजेंद्र नगर, आनंद पर्वत, जामा मस्जिद, हौज काजी और दरियागंज क्षेत्र के स्कूलों में सत्र आयोजित किए गए। इनमें देव स्कूल, एसडी पब्लिक स्कूल, सर्वोदय कन्या स्कूल, महाराजा रणजीत सिंह स्कूल, सेंट माइकल स्कूल, रामजस स्कूल, हिंदू गर्ल्स स्कूल, क्रेसेंट स्कूल, हैप्पी स्कूल, हकीम अजमल खान स्कूल सहित कई स्कूल शामिल रहे।
सत्रों में छात्रों को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। गुड टच-बैड टच, बाल यौन शोषण की रोकथाम, पॉक्सो एक्ट, भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस ने छात्रों को दिल्ली पुलिस की योजनाओं शशक्त, ऑपरेशन शिष्टाचार, नाजुक और निर्भीक के बारे में भी बताया। आपात स्थिति में मदद के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 112 और 1091 का व्यापक प्रचार किया गया।
छात्रों की सक्रिय भागीदारी के लिए आत्मरक्षा प्रदर्शन, खेल गतिविधियां और चित्रकला सत्र भी आयोजित किए गए।
मध्य जिला पुलिस ने कहा है कि अभियान 16 दिसंबर तक जारी रहेगा और जिले के अन्य स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।