बिंदापुर थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी: शातिर बदमाश गिरफ्तार, बटनदार चाकू और 6 चोरी के मोबाइल बरामद

नई दिल्ली, द्वारका। बिंदापुर थाना पुलिस की बीट स्टाफ ने एक सक्रिय अपराधी को अवैध बटनदार चाकू और 6 चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लोगों में डर पैदा करने और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए बटनदार चाकू रखता था।

कुशल पाल सिंह डीसीपी द्वारका डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक बिंदापुर थाना पुलिस को हाल ही में जेल से रिहा हुए सक्रिय अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में SHO बिंदापुर इंस्पेक्टर नरेश सांगवान के नेतृत्व और ACP डाबरी संजीव कुमार की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में HC मोहित 1431/DW, HC अखिलेश 965/DW, कांस्टेबल राहुल 1843/DW, कांस्टेबल राजपाल 2093/DW, कांस्टेबल परमवीर 1868/DW और कांस्टेबल आशीष 1729/DW शामिल थे। मुखबिरों को भी इलाके में सक्रिय किया गया।

29 जून 2026 को क्षेत्र में गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक अपराधी बटनदार चाकू और चोरी के मोबाइल से भरा पिट्ठू बैग लेकर कम्युनिटी सेंटर, ओल्ड पंखा रोड, उत्तम नगर के पास आने वाला है। सूचना पर टीम ने तुरंत जाल बिछाया। रात करीब 8 बजे जनकपुरी C1 की तरफ से पैदल आ रहे एक संदिग्ध को देखकर पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक उर्फ पोपला पुत्र राजेश शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी जेजे कॉलोनी पंखा रोड, उत्तम नगर, दिल्ली के रूप में हुई। तलाशी में उसके हाथ से एक अवैध बटनदार चाकू और कब्जे से 6 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आदतन अपराधी और नशे का आदी है। अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए वह जेबतराशी, चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता था। लोगों में खौफ बनाने के लिए वह हमेशा बटनदार चाकू साथ रखता था।

दीपक उर्फ पोपला बिंदापुर थाने का घोषित बदमाश (BC) है। उसके खिलाफ बिंदापुर, जनकपुरी, उत्तम नगर और विकासपुरी थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 10 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी के पास से 01 अवैध बटनदार चाकू,06 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *