मध्य जिला साइबर पुलिस ने “नेक्स्ट स्टेप एडवाइजर्स” के नाम पर चल रहे ठगी के गिरोह का किया पर्दाफाश

साइबर थाना सेंट्रल की बड़ी कार्रवाई, फर्जी प्लेसमेंट रैकेट का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

नई दिल्ली। बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले एक बड़े फर्जी प्लेसमेंट रैकेट का साइबर थाना, सेंट्रल जिला पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उत्तम नगर स्थित फर्जी कार्यालय पर छापा मारकर मास्टरमाइंड महिला समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त, मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह फर्जी एजेंसी “NEXT STEP ADVISORS” के नाम से बिना किसी रजिस्ट्रेशन के चलाई जा रही थी। आरोपियों के मोबाइल नंबर और बैंक खातों से NCRP पोर्टल पर दर्ज 5 अन्य शिकायतें भी जुड़ी हुई मिली हैं।

बापा नगर, करोल बाग निवासी एक शिकायतकर्ता ने साइबर थाने में शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि 24-07-2026 को उसे एक जॉब पोर्टल की HR बनकर एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप मैसेज भेजा। उसे 25 जुलाई को पहली मंजिल, बिल्डिंग C-3, जीवन पार्क, सोम बाजार, उत्तम नगर में इंटरव्यू के लिए बुलाया गया।

वहां रजिस्ट्रेशन फीस और अकाउंट खोलने के नाम पर उससे 4,800 रुपये ऑनलाइन वसूले गए और “NEXT STEP ADVISORS” के नाम का एक फॉर्म देकर जॉइनिंग के बाद रकम वापस करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद न तो नौकरी दी गई और न ही पैसे वापस किए गए। आरोपी के नंबर भी बंद हो गए।

शिकायत पर प्रारंभिक जांच के बाद साइबर थाना सेंट्रल में केस FIR No. 37/2026, धारा 318(4)/3(5) BNS के तहत 01-08-2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO साइबर सेंट्रल और ACP ऑपरेशंस, सेंट्रल जिला की देखरेख में SI अंकुर सेजवाल, W/HC दीक्षा और HC दीपक की टीम गठित की गई।

तकनीकी जांच में मोबाइल नंबर, Paytm/UPI पेमेंट ट्रेल और बैंक खातों का विश्लेषण किया गया। लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर टीम ने C-3, प्रथम तल, जीवन पार्क, सोम बाजार, डाबरी, उत्तम नगर स्थित दफ्तर पर छापा मारा, जहां से यह फर्जी एजेंसी चल रही थी।

आरोपी ऑनलाइन जॉब पोर्टल्स पर आकर्षक नौकरियों के विज्ञापन डालते थे और व्हाट्सएप-कॉल के जरिए बेरोजगार युवकों से HR बनकर संपर्क करते थे। उत्तम नगर दफ्तर में बुलाकर दिखावटी इंटरव्यू लेते और नौकरी पक्की होने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अकाउंट ओपनिंग के नाम पर 3,000 से 4,000 रुपये वसूलते थे। बाद में न नौकरी देते, न पैसे लौटाते।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान –

  1. प्रीति मल्होत्रा (34) निवासी उत्तम नगर – एजेंसी की संचालक और गैंग की मास्टरमाइंड
  2. . दिव्या (33) निवासी उत्तम नगर – HR
  3. . ललिता उर्फ पिंकी (32) निवासी पालम कॉलोनी – HR
  4. नैना (33) निवासी डाबरी – HR
  5. प्रियंका (28) निवासी न्यू अशोक नगर – HR
  6. कपिल कुमार शर्मा (30) निवासी अलवर, राजस्थान – फील्ड बॉय
  7. ललित कुमार (28) निवासी नजफगढ़ – फील्ड बॉय
    बरामदगी –
    पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, फर्जी रजिस्ट्रेशन फॉर्म और पीड़ितों से वसूली गई रकम के बैंक अकाउंट डिटेल्स कब्जे में लिए हैं।

पुलिस का कहना है कि इस रैकेट से ठगे गए अन्य पीड़ितों की पहचान और ठगी की पूरी रकम का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

पुलिस की अपील –
नागरिक किसी भी प्लेसमेंट एजेंसी को बिना जांचे-परखे रजिस्ट्रेशन या प्रोसेसिंग फीस के नाम पर भुगतान न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *