मध्य जिले की जगुआर टीम-2 ने कवच अभियान के तहत 3 नशा तस्कर दबोचे, 18.44 ग्राम स्मैक बरामद

नई दिल्ली, 26 जून 2026
मध्य जिले की जगुआर टीम-2 ने कवच अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 18.44 ग्राम स्मैक और 13,250 रुपये नकद बरामद किए गए। तीनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। इस संबंध में डीबीजी रोड थाने में एफआईआर संख्या 218/2026 धारा 21(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 23 जून 2026 को सुबह करीब 10:00 बजे जगुआर टीम-2 कवच अभियान के तहत रविदास मार्ग के पास गश्त और एरिया डोमिनेशन ड्यूटी पर थी। इसी दौरान टीम को तीन संदिग्ध व्यक्ति घूमते दिखाई दिए। पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके पास से स्मैक बरामद हुई। तत्काल सूचना पर एसएचओ/डीबीजी रोड मय एसआई ललित मोहन के मौके पर पहुंचे। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया।

यह कार्रवाई एएसआई अनिल कुमार, एचसी रमेश, कांस्टेबल अखिलेश और कांस्टेबल राजेंद्र की जगुआर टीम-2 ने की। टीम की सतर्क निगरानी और त्वरित कार्रवाई से यह सफलता मिली।

पूछताछ में दमन कुमार, कसीम खान और नरेंद्र कुमार, आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली के विभिन्न इलाकों में स्मैक की खरीद-फरोख्त करते थे। पुलिस इनके सप्लाई स्रोत और अन्य साथियों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे और पीछे के लिंक की जांच जारी है। तीनों आरोपी पहले भी कई संगीन मामलों में लिप्त रहे हैं। दमन कुमार आनंद पर्वत व प्रसाद नगर थाने में पोक्सो व सट्टा एक्ट के मामलों में, कसीम खान राजौरी गार्डन व सागरपुर थाने में चोरी के मामलों में, जबकि नरेंद्र कुमार नारायणा, दिल्ली कैंट व वसंत विहार थाने में लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट के 7 मामलों में शामिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *