अशोक कुमार निर्भय
सावन मास में राजधानी दिल्ली पूरी तरह भगवान शिव की भक्ति में रंगी नजर आ रही है। मादीपुर गांव में शिवम् कांवड़ सेवा समिति की ओर से आयोजित विशाल कांवड़ सेवा शिविर में अंतरराष्ट्रीय संत, यज्ञ सम्राट एवं महामंडलेश्वर सिद्ध योगी स्वामी श्री कालीदास जी महाराज पहुंचे। उन्होंने शिवभक्तों, कांवड़ियों और शिविर के आयोजकों को अपना आशीर्वाद दिया।
महामंडलेश्वर स्वामी श्री कालीदास जी महाराज के शिविर में पहुंचते ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा शिविर गूंज उठा। शिवम् कांवड़ सेवा समिति के उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा,राजीव शर्मा लालू, महामंत्री देविंदर यादव, संगठन मंत्री अनिल यादव, सदस्य अमित यादव और मादीपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव,पुखराज खोरवाल सहित समिति के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान स्वामी श्री कालीदास जी महाराज ने कांवड़ियों की वंदना की और अपने हाथों से श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की। उन्होंने भक्तों को मंगलमय जीवन का आशीर्वाद देते हुए भगवान भोलेनाथ की भक्ति के साथ सेवा, सद्भाव और परोपकार की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
स्वामी कालीदास महाराज ने कांवड़ियों की सेवा में जुटे समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है। सावन का महीना श्रद्धा, संयम और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आपसी भाईचारा बनाए रखने और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
बता दें कि सावन के दौरान हरिद्वार सहित विभिन्न तीर्थस्थलों से पवित्र गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िये दिल्ली पहुंचते हैं। कांवड़ियों की सुविधा और सेवा के लिए राजधानी में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। मादीपुर का शिवम् कांवड़ सेवा शिविर भी इसी सेवा और श्रद्धा की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।
महामंडलेश्वर स्वामी श्री कालीदास जी महाराज के आगमन से शिविर में मौजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। भक्तों ने गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया और भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा शिविर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
मादीपुर दिल्ली से अशोक कुमार निर्भय की रिपोर्ट