राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके के अमन विहार इलाके में बुधवार 20 मई की शाम खूनी संघर्ष में दो किशोरों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान जॉनी और मयंक के रूप में हुई है. दोनों ही नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल मुख्य आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जॉनी और मयंक अपने साथी दिनेश के साथ सुल्तानपुरी इलाके से अमन विहार आए थे।
जानकारी के मुताबिक, तीनों रितेश नामक युवक की तलाश कर रहे थे. लेकिन रितेश उन्हें नहीं मिला, इसी दौरान उनका दूसरे पक्ष से विवाद हो गया. आरोप है कि जॉनी और मयंक ने एक महिला और उसके बेटे पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से भागने लगे तो महिला का बेटा और दूसरे पक्ष के कुछ लोग आरोपियों के पीछे दौड़े. इसी दौरान भागते समय आरोपियों के हाथ से चाकू गिर गया। बताया जा रहा है कि तभी एक नाबालिग युवक ने चाकू उठाकर एक की गर्दन पर और दूसरे के पेट और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. सूचना मिलने पर अमन विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं झगड़े में दिनेश भी घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरी वारदात की जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर हत्या और हत्या की कोशिश का क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सुल्तानपुरी में हुई एक हत्या के मामले में जॉनी और मयंक को शक था कि रितेश ने आरोपियों को शरण दी थी. इसी रंजिश के चलते वे हथियार लेकर अमन विहार पहुंचे थे. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।