नई दिल्ली, 07 जुलाई 2026
रोहिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने हाई-एंड गाड़ियों की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अलीपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 लग्जरी चोरी की कारें, एक ऑटो-रिक्शा, 50 इलेक्ट्रॉनिक प्रोग्रामिंग चाबियां और की-कटिंग मशीन समेत अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल, आईपीएस ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड कुलदीप सिंह उर्फ लक्की इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल की-प्रोग्रामिंग में माहिर है। गिरोह के सदस्य बलविंदर उर्फ बिंद्रा दिन में रेकी कर टारगेट गाड़ियों की पहचान करता था और रात में बिना ताला तोड़े, सिर्फ डुप्लीकेट इलेक्ट्रॉनिक चाबी से गाड़ी चुरा लेते थे। चोरी के दौरान आरोपी चेहरे पर मास्क लगाते थे और गाड़ियों में लगे जीपीएस को पकड़ने के लिए जीपीएस डिटेक्टर का इस्तेमाल करते थे।
चोरी की महंगी गाड़ियों को दिल्ली व अन्य राज्यों में रिसीवरों के जरिए बेच दिया जाता था, जबकि अन्य गाड़ियों को छुपे ठिकानों पर काटकर उनके इंजन, गियरबॉक्स, ईसीयू, अलॉय व्हील और अन्य पार्ट्स ग्रे मार्केट में बेच दिए जाते थे। पार्ट्स की ढुलाई के लिए चोरी का ऑटो इस्तेमाल किया जाता था।
एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह की निगरानी और इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में एसआई राजकुमार, एएसआई विनोद नैन, हरजीत, हेड कांस्टेबल विकास सांगवान, विनोद, मंदीप, राजीव, अतुल, विशाल और कांस्टेबल अजय, कुलदीप व विनीत की टीम ने लगातार तकनीकी व मानवीय सूचना पर काम किया। कई जगह छापेमारी कर पुलिस ने कुलदीप सिंह उर्फ लक्की, 47 वर्ष, निवासी झंगोला अलीपुर, बलविंदर उर्फ बिंद्रा, 32 वर्ष, दीपक उर्फ देव, 32 वर्ष, निवासी झुंझुनूं राजस्थान और बख्शीश सिंह उर्फ मन्नी, 37 वर्ष, निवासी विकासपुरी को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हुंडई अल्कजार, महिंद्रा थार, 3 हुंडई क्रेटा, 2 मारुति बलेनो, वैगनआर, हुंडई ऑरा, स्विफ्ट डिजायर, हुंडई आई-20 समेत 11 गाड़ियां बरामद कीं। इसके अलावा एक चोरी का ऑटो, 50 डुप्लीकेट इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, फर्जी नंबर प्लेट, कंप्यूटराइज्ड की-कटिंग मशीन, टैबलेट, कंप्यूटर सिस्टम, जीपीएस डिटेक्टर, ड्रिलिंग मशीन और मास्क भी मिले हैं।
डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में सक्रिय था। मामले की आगे जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।