नई दिल्ली : द्वारका। द्वारका जिला स्पेशल स्टाफ ने संगठित अपराध पर बड़ी चोट करते हुए कुख्यात गैंग लीडर अमन उर्फ सुख्खा समेत चार शातिर बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अत्याधुनिक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और दो बटनदार चाकू बरामद किए हैं। गिरफ्तार अमन पर पंजाब के एक कुख्यात गैंगस्टर का गहरा प्रभाव था और वह उसी की तर्ज पर अपना गैंग खड़ा कर रहा था।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर स्पेशल स्टाफ की टीम अपराध की रोकथाम के लिए लगातार सक्रिय थी। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एसआई राकेश, एसआई जाबीर, एचसी कुलदीप, एचसी परवीन, एचसी आदेश, एचसी बच्चू सिंह और कॉन्स्टेबल हेमराज की टीम बनाई गई। एसीपी ऑपरेशन्स सुभाष मलिक की देखरेख में टीम ने गैंग से जुड़े अपराधियों का डाटा खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच में सामने आया कि हत्या के प्रयास, लूट और झपटमारी के मामलों में शामिल अमन उर्फ सुख्खा पंजाब के एक कुख्यात गैंग की नकल कर अपना गिरोह बनाने की फिराक में है। पुलिस ने उसके मूवमेंट पर नजर रखनी शुरू कर दी।
02 जुलाई 2026 की तड़के टीम को गुप्त सूचना मिली कि सुख्खा गैंग के चार सदस्य बिंदापुर इलाके में अवैध हथियारों के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने सेवा भारती चौक, पुराना पंखा रोड, बिंदापुर पर छापा मारा। मुखबिर के इशारे पर चारों आरोपियों को अवैध हथियारों और चाकुओं सहित दबोच लिया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अमन उर्फ सुख्खा ने पंजाब में पढ़ाई की थी, लेकिन बीच में ही छोड़ दी। वहां वह पंजाब के एक कुख्यात गैंगस्टर से प्रभावित हुआ। गैंग चलाने और हथियार खरीदने के लिए उसने लूट और झपटमारी शुरू की। पहले वह एक स्थानीय गैंग में शामिल हुआ, बाद में अपना गैंग बनाने के लिए युवाओं को जोड़ने लगा। इलाके में दबदबा बनाने के लिए उसने अवैध हथियार जुटाए।
अमन उर्फ सुख्खा पहले भी हत्या का प्रयास, लूट और झपटमारी समेत 5 मामलों में शामिल रहा है।
बरामदगी के आधार पर थाना बिंदापुर में एफआईआर नंबर 336/26, दिनांक 02.07.2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस आरोपियों से हथियारों के स्रोत और मंशा को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।