नई दिल्ली, 04 सितंबर। रोहिणी जिले के अमन विहार थाना पुलिस ने दो कुख्यात लुटेरों/झपटमारों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी थाना मंगोलपुरी के हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधी हैं।
शशांक जयसवाल डीसीपी रोहिणी जिला के अनुसार, एसीपी अजय वेदवाल के नेतृत्व में एसएचओ इंस्पेक्टर विजय समारिया की टीम ने 1 सितंबर को सेक्टर-22, 100 फुटा सर्विस रोड पर गश्त के दौरान दो संदिग्धों को दोपहिया वाहन पर रोका। भागने की कोशिश कर रहे दोनों युवकों को टीम ने दबोच लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान करण उर्फ रॉबिन (36) और प्रदीप उर्फ लाला (36), दोनों निवासी मंगोलपुरी के रूप में हुई। तलाशी में दोनों के पास से एक-एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। जांच में बाइक कंझावला क्षेत्र से चोरी की निकली।
पुलिस ने थाना अमन विहार में आर्म्स एक्ट के तहत FIR No. 416/2026 दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी, झपटमारी और लूट की कई वारदातें कबूली हैं। पुलिस के मुताबिक करण पर 50 से अधिक और प्रदीप पर 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी से 2 मामलों का खुलासा हुआ है।