नई दिल्ली, रोहिणी: दक्षिण रोहिणी थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 में जन्मदिन के जश्न के दौरान हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर देशी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:38 बजे थाना साउथ रोहिणी में डी-ब्लॉक, मकान नंबर 15/236, सेक्टर-3, रोहिणी में फायरिंग की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना साउथ रोहिणी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मौके पर सीढ़ियों से भागने की कोशिश कर रहे एक युवक को पकड़ा गया। आरोपी की पहचान करण भसीन पुत्र सुरेंद्र भसीन, निवासी मकान नंबर 199, दूसरी मंजिल, सेक्टर-24, रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर सीढ़ियों में रखे कूड़ेदान से एक .32 बोर की देशी पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। घटनास्थल से एक खाली खोखा भी बरामद हुआ है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्त चिराग धवन के ऑफिस में अपना जन्मदिन मनाने आया था और जश्न में सीढ़ियों पर एक राउंड फायर किया था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 (पूर्व में आईपीसी 336) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 13 मामले दर्ज हैं। मामले की आगे जांच जारी है।