नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप राय ने जीत दर्ज की है। मंगलवार को हुए चुनाव के नतीजे देर रात घोषित किए गए, जिसमें राय ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया।
चुनाव में प्रदीप राय को कुल 822 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनुपम लाल दास को 451 वोट प्राप्त हुए। वहीं आदिश अग्रवाल को 412, गौरव भाटिया को 370, सुकुमार पट्टजोशी को 269, सिद्धार्थ मृदुल को 217 और महालक्ष्मी पावनी को 128 वोट मिले।
नतीजों के बाद बुधवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने प्रदीप राय को बधाई दी। सीजेआई ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष के साथ-साथ अन्य पदाधिकारियों को भी शुभकामनाएं दीं।
इस चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल कौशिक चुने गए हैं, जबकि सचिव पद की जिम्मेदारी अधिवक्ता प्रज्ञा बघेल को मिली है। कोषाध्यक्ष के तौर पर अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार सिंह और संयुक्त सचिव के रूप में अधिवक्ता मनीष दुबे का चयन हुआ है।
सीजेआई सूर्यकांत ने इस मौके पर कहा कि न्यायपालिका और बार के बीच आपसी निकटता और बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है, ताकि न्याय व्यवस्था और अधिक सशक्त हो सके।