नई दिल्ली: शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने वारदात के मुख्य आरोपी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
बीते 03 अक्टूबर को संतोष भारती पार्क के पास चाकूबाजी की सूचना पर शाहबाद डेयरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को पहले ही बीएसए अस्पताल, रोहिणी ले जाया जा चुका था, जहां डॉक्टरों ने 20 वर्षीय सचिन पुत्र सुरेंद्र, निवासी शाहबाद डेयरी को मृत घोषित कर दिया। सचिन के शरीर पर चाकू के कई वार मिले। चश्मदीद के बयान पर पता चला कि मृतक का आरोपी आरिफ उर्फ अमन से एक लड़की को लेकर पुराना विवाद था।
इस संबंध में थाना शाहबाद डेयरी में FIR No. 641/2026 धारा 103(1)/109(1)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज विजय कुमार, IPS के निर्देश, अतिरिक्त डीसीपी-I आउटर नॉर्थ लोकेश्वरन आर, IPS के मार्गदर्शन और एसीपी बवाना गौरव सिंह, IPS की देखरेख में SHO इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में SI कमलेश, HC पिपलाद, HC नीरज, HC दिनेश, HC मुकेश, Ct. संदीप और Ct. प्रिंस शामिल थे।
जांच में सामने आया कि सचिन अपने दोस्त के साथ टाटा ऐस में जा रहा था, तभी संतोष भारती पार्क के पास आरिफ उर्फ अमन ने अपने साथियों और परिजनों के साथ गाड़ी को रोक लिया। सचिन को गाड़ी से बाहर निकालकर झगड़ा किया और आरिफ ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
पुलिस ने 50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी जांच और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर 4 आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आरिफ उर्फ अमन (22) पुत्र अकरम खान – मुख्य आरोपी है । दूसरी एक महिला (40) पत्नी अकरम खान है । तीसरा संतोष (37) पुत्र अशोक साहनी और. चौथा मो. इमरान (37) पुत्र मो. इलियास सभी निवासी शाहबाद डेयरी, दिल्ली के रहने वाले है।
वारदात में इस्तेमाल चाकू आरोपी आरिफ से बरामद हुआ है।
पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।