सुभाष नगर में अवैध क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली, 24 नवंबर। पश्चिमी जिला पुलिस के पीपी सुभाष नगर की सतर्क टीम ने अवैध क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, सट्टे का डाटा रखने वाला एक एचपी लैपटॉप और एक कैश काउंटिंग मशीन बरामद की गई है। यह रैकेट सुभाष नगर के एक आवासीय मकान से चलाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पीपी सुभाष नगर, थाना राजौरी गार्डन की टीम विशेष गश्त पर थी। यह अभियान एसआई अनुज मोर, प्रभारी पीपी सुभाष नगर के नेतृत्व में, एसएचओ राजौरी गार्डन इंस्पेक्टर रविंदर जोशी के निर्देश, एसीपी राजौरी गार्डन की देखरेख और डीसीपी के समग्र पर्यवेक्षण में चलाया गया।

21 नवंबर को 10 ब्लॉक, सुभाष नगर स्थित पेट्रोल पंप के पास गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल राहुल को गुप्त सूचना मिली कि मकान नंबर 10/67 व 68, सुभाष नगर की पहली मंजिल से अवैध क्रिकेट सट्टा चलाया जा रहा है। सूचना पर एसआई अनुज मोर, एचसी राहुल और एचसी मनदीप की टीम ने छापा मारा।

छापे के दौरान दोनों आरोपी ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड क्रिकेट मैच पर सट्टा लेते हुए पकड़े गए। वे पंटरों से बात कर सट्टे के भाव बता रहे थे और लैपटॉप में Betting Assistant I-Book एप के जरिए सट्टे की एंट्री दर्ज कर रहे थे।

इस मामले में थाना राजौरी गार्डन में एफआईआर नंबर 629/2026, धारा 3/4/5/9 दिल्ली सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1955 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी सुखविंदर सिंह, निवासी सुभाष नगर और दूसरा सुनील सचदेवा, पहाड़गंज, दिल्ली का रहने वाला है। आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन , 1 एचपी लैपटॉप , 1 कैश काउंटिंग मशीन बरामद हुई है।

  1. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *