नई दिल्ली, 24 नवंबर। हरि नगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद कार चालक ने तलवार से मजदूर पर हमला कर दिया। घायल मजदूर की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को रात करीब 3:16 बजे पीसीआर पर मारपीट की सूचना मिली। जांच में पता चला कि झील वाला पार्क के पास DJB का काम चल रहा था, जहां तीन मजदूर ट्रक से पाइप उतार रहे थे।
22/23 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 12 बजे रास्ता देने को लेकर कार चालक और ट्रक चालक के बीच कहासुनी हो गई। बीच-बचाव करने आए मजदूर पंकज (26), निवासी तिहाड़ गांव पर कार चालक ने तलवार से हमला कर दिया।
घायल की शिकायत पर हरि नगर थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और आगे की जांच जारी है।