नई दिल्ली, 13 अगस्त। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज-II की टीम ने अंतरराज्यीय ATM लूट गिरोह के कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मेवात, नूंह निवासी मो. जाहिद के रूप में हुई है, जो 14 से ज्यादा ATM काटने की वारदातों में शामिल रहा है।
डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा ने बताया कि आरोपी 2 ATM कटिंग केस और हरियाणा के एक हत्या के प्रयास के मामले में भगोड़ा घोषित था। स्पेशल सेल के आर्म्स एक्ट केस में भी उसके खिलाफ NBW जारी था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी भिवाड़ी में अपने साथी से मिलने आ रहा है। इंस्पेक्टर गौतम मलिक के नेतृत्व में टीम ने रीको चौक, भिवाड़ी, राजस्थान में ट्रैप लगाकर उसे दबोचा। भागने की कोशिश में उसे पीछा कर पकड़ा गया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी गैस कटर से सुनसान जगहों पर लगे ATM को निशाना बनाता था और वारदात के बाद मेवात में छिप जाता था। वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था।