सोनिया विहार थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सह लूट की वारदात का किया खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले के सोनिया विहार थाना पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास और लूट के मामले को 72 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आई-फोन, 24 ग्राम की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड बरामद किया गया है।

बीते 12. अगस्त.2026 को रात करीब 12:18 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि फर्स्ट पुस्ता के पास एक घायल व्यक्ति पड़ा है, जिसे जेपीसी अस्पताल ले जाया गया है। घायल की पहचान प्रमोद यादव (32) पुत्र बैद्यनाथ यादव के रूप में हुई, जो चांदनी चौक में ज्वैलरी शॉप पर काम करते हैं। परिवार वाले उन्हें गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल, शालीमार बाग ले गए, जहां आईसीयू में उनकी सर्जरी हुई।

पूछताछ में पता चला कि प्रमोद जब 2.5 पुस्ता के पास अपनी कार पार्क कर घर लौट रहे थे, तभी सर्विस रोड पर दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी सोने की चेन और मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। इस संबंध में थाना सोनिया विहार में FIR No. 163/2026 धारा 109(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पी.के. झा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर छापेमारी कर चौहान पट्टी के पास से दो आरोपियों को दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूली। इनके पास से पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ। गहन पूछताछ पर पता चला कि लूटी गई चेन को गिरवी रख दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर गिरवी रखी चेन के बदले मिले 1,03,000 रुपये नकद, 24 ग्राम वजनी सोने की चेन व गिरवी के कागजात बरामद किए गए। साथ ही चौहान पट्टी के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड भी बरामद हुआ।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 309(4)/311/317/3(5) BNS जोड़ी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *