नई दिल्ली। कई वर्षों से निगम के साथ अनुबंध पर काम कर रहे एमसीडी कर्मचारियों के भविष्य पर लटकी अनिश्चितता की तलवार अब हटने वाली है। सब कुछ ठीक रहा तो आगामी वित्त वर्ष से निगम के किसी भी अनुबंधित कर्मचारी की नौकरी नहीं जाएगी। उन्हें 60 साल की उम्र तक सेवा की गारंटी मिलेगी।
महापौर प्रवेश वाही ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है। महापौर ने निगमायुक्त संजीव खिरवार को पत्र लिखकर इस पर 15 दिन के भीतर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
योजना के तहत ए से लेकर सी समूह तक के, जो कर्मचारी सीधे तौर पर एमसीडी के साथ अनुबंध पर कार्यरत हैं, उन्हें नौकरी से नहीं हटाया जाएगा। इतना ही नहीं, इन कर्मचारियों को ‘समान कार्य-समान वेतन’ के सिद्धांत का लाभ भी मिलेगा।
गौरतलब है कि वर्तमान में बड़ी संख्या में अनुबंधित कर्मचारी न्यूनतम मजदूरी दर पर काम करने को मजबूर हैं। समान वेतन लागू होने के बाद इन कर्मचारियों का वेतन दोगुना तक बढ़ने की उम्मीद है।