रोहिणी में पुलिस और टिल्लू गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार; गोगी गैंग के हरीश माथुर की हत्या का खुलासा

नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टिल्लू गैंग के दो सक्रिय बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों ने गोगी गैंग से जुड़े हरीश माथुर की 30 जुलाई को कराला में हत्या की थी। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि पुलिस टीम पूरी तरह सुरक्षित है।

यह कार्रवाई विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) जोन-1 श्री देवेश चंद्र श्रीवास्तव और संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज श्री विजय सिंह के मार्गदर्शन में, डीसीपी रोहिणी शशांक जैसवाल के निर्देशन में एसीपी अजमेर सिंह और एसीपी सार्थक त्यागी की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप गोदारा, इंस्पेक्टर सुरेंद्र और थाना कंझावला के एसएचओ केके यादव की टीम ने की है।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए

पुलिस के अनुसार, तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर टीम को पता चला कि हरीश माथुर हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपी UER-II रोड, माजरी गांव रोड के पास आने वाले हैं। टीम ने जाल बिछाया। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की। मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  1. विक्की उर्फ राहुल रांगा (27 वर्ष) पुत्र धर्मवीर, निवासी मानसरोवर कॉलोनी, लाल कुआं, गाजियाबाद, यूपी। पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 4 मामलों में शामिल।
  2. विशाल उर्फ साहिल उर्फ लीलू (26 वर्ष) पुत्र हेमराज, निवासी कराला, दिल्ली। पूर्व में आर्म्स एक्ट के 2 और अन्य 1 मामले में शामिल।

बरामदगी

पुलिस ने इनके कब्जे से 2 अवैध पिस्तौल, 6 जिंदा कारतूस, 6 खाली खोल और एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (नंबर DL-9S-BQ-9461) बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, यही बाइक हरीश माथुर की हत्या में इस्तेमाल हुई थी।

अमेरिका से मिल रहे थे निर्देश, 5-6 लोगों की कर चुके थे रेकी

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अमेरिका में बैठे टिल्लू ताजपुरिया गैंग के गुर्गे के सीधे संपर्क में थे और उसी के इशारे पर काम कर रहे थे। उसी ने खरखौदा-रोहतक रोड पर सुनसान जगह पर पिस्तौल और पैसे रखकर इन्हें दिए थे।

हरीश माथुर गोगी गैंग और दिनेश कराला गैंग से जुड़ा था, इसलिए रंजिश में उसकी हत्या की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने गोगी गैंग से जुड़े 5-6 अन्य लोगों की भी रेकी कर रखी थी और उन्हें निशाना बनाने की साजिश थी। समय रहते गिरफ्तारी होने से गैंगवार की और बड़ी वारदातें टल गईं।

इस संबंध में थाना कंझावला में FIR नंबर 410/2026, धारा 103(1) BNS और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *