डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर बुजुर्ग से 1.30 लाख की ठगी, दो युवतियां गिरफ्तार

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर थाना पुलिस ने डेटिंग ऐप के जरिए ठगी और मोबाइल चोरी के मामले में दो युवतियों को गिरफ्तार किया है।

अमित गोयल डीसीपी दक्षिण-पश्चिम जिला के अनुसार, 67 वर्षीय बुजुर्ग ने ई-एफआईआर 381/26 दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि डेटिंग ऐप पर संपर्क में आई एक युवती से टेलीग्राम पर बात हुई। 24 जुलाई को डिफेंस कॉलोनी के एक रेस्टोरेंट में दोनों युवतियों ने बुजुर्ग से मुलाकात की। लौटते समय उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया और बाद में उनके दो बैंक खातों से UPI के जरिए 1.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।

जांच में पता चला कि आरोपी ज्योत्सना (26) ने फर्जी नाम से डेटिंग प्रोफाइल बनाई थी और अपनी साथी मान्शी (21) को साथ ले लिया। मान्शी ने प्रोफाइल वाली युवती बनकर पीड़ित से मुलाकात की। चोरी के फोन से रकम पहले एक खाते में और फिर दूसरे खाते में भेजी गई, जिसमें से 90 हजार रुपये ATM से निकाले गए।

सीसीटीवी फुटेज, बैंक ट्रेल और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए चोरी किया गया फोन तोड़कर नष्ट कर दिया था।

पुलिस ने 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। टीम में इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक के नेतृत्व में SI नीरज और HC संदीप शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *