दिल्ली:हौज काजी इमारत हादसा: मलबे से चौथा शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हुई

नई दिल्ली, 7 नवंबर: पुरानी दिल्ली के हौज काजी इलाके में इमारत ढहने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। अजमेरी गेट स्थित सत्तारा गली में चल रहे बचाव अभियान के दौरान शनिवार को मलबे से एक और शव बरामद किया गया।

मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। शव को एंबुलेंस से डॉ. लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल भेज दिया गया है, जहां आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गुरुवार सुबह करीब 9.45 बजे ढह गई थी। हादसे के बाद से ही मौके पर बचाव अभियान लगातार जारी है।

इससे पहले करीब 48 घंटे के अभियान में मलबे से पांच लोगों को निकाला गया था, जिनमें तीन मृतक और दो घायल शामिल थे। अब चौथे शव की बरामदगी के बाद राहत और बचाव दल ने अभियान और तेज कर दिया है।

घटनास्थल पर अभी भी मलबा हटाने का काम चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक मलबे में किसी और के दबे होने की आशंका पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *