दिल्ली पुलिस को पासपोर्ट सेवा दिवस 2026 पर “संस्थागत प्रदर्शन पुरस्कार” से सम्मानित किया गया

• दिल्ली पुलिस को राज्य पुलिस श्रेणी में संस्थागत प्रदर्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया • विशेष शाखा सभी केंद्र शासित प्रदेशों में प्रथम स्थान पर, 2025-26 में 5.3 लाख से अधिक पासपोर्ट सत्यापन पूरे किए, अधिकांश मामले निर्धारित 21 दिन के बजाय 5 दिन में निपटाए।

आज 19 जून को पासपोर्ट सेवा दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस को “संस्थागत प्रदर्शन पुरस्कार – राज्य पुलिस” से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर द्वारा प्रदान किया गया। पासपोर्ट सेवा दिवस प्रत्येक वर्ष विदेश मंत्रालय द्वारा पासपोर्ट एवं कांसुलर सेवाओं में उपलब्धियों को चिह्नित करने और देशभर में पासपोर्ट सत्यापन प्रणाली को कुशलता से संचालित करने वाले संस्थानों व कर्मियों को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है।

यह कार्यक्रम क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारियों के सम्मेलन एवं पासपोर्ट सेवा दिवस 2026 के बैनर तले आयोजित किया गया। दिल्ली पुलिस को 2025-2026 के दौरान पासपोर्ट और संबंधित सेवाओं के लिए त्वरित पुलिस सत्यापन के माध्यम से उच्च स्तरीय सेवाओं, प्रतिबद्धता और सुशासन में योगदान के लिए सभी केंद्र शासित प्रदेशों में प्रथम स्थान दिया गया।

विशेष शाखा का उत्कृष्ट प्रदर्शन
यह पुरस्कार 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के त्वरित सत्यापन में दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा द्वारा दिखाई गई अनुकरणीय सेवा, प्रतिबद्धता और सुशासन में योगदान को मान्यता देता है। पासपोर्ट सत्यापन, पासपोर्ट जारी करने की श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पुलिस को भेजे गए प्रत्येक आवेदन का आवेदक के पते पर भौतिक सत्यापन, रिकॉर्ड से मिलान और रिपोर्ट पासपोर्ट सेवा केंद्र को भेजना अनिवार्य होता है। इस सत्यापन की दक्षता, सटीकता और निष्ठा का सीधा प्रभाव नागरिकों को पासपोर्ट मिलने की गति पर पड़ता है।

समय-सीमा से पहले सत्यापन
विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार पासपोर्ट सत्यापन अनुरोध प्राप्त होने के 21 दिनों के भीतर पूरा करना होता है। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने इनमें से अधिकांश सत्यापन 5 दिन के भीतर पूरे किए हैं। यह देश के किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश पुलिस बल द्वारा दर्ज किए गए सबसे तेज़ टर्नअराउंड समय में से एक है। यह गति जिला एवं जोनल स्तर पर लंबित मामलों की निरंतर निगरानी और तकनीक-आधारित ट्रैकिंग से संभव हुई है। 2025-26 के दौरान विशेष शाखा ने कुल 5,31,752 पासपोर्ट सत्यापन रिपोर्ट संसाधित कर प्रस्तुत कीं।

पुरस्कार ग्रहण
यह पुरस्कार दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री सतीश गोलछा, आईपीएस की ओर से संयुक्त पुलिस आयुक्त/विशेष शाखा श्री परमादित्य, आईपीएस ने प्राप्त किया। यह पुरस्कार विशेष शाखा के सत्यापन कर्मचारियों, पर्यवेक्षी अधिकारियों और तकनीकी सहायता टीम के वर्ष भर के सतत प्रयासों की मान्यता है।

दिल्ली पुलिस को यह सम्मान पहले भी 2024, 2017 और 2014 में मिल चुका है। यह एक दशक से अधिक समय से पासपोर्ट सत्यापन सेवाओं में उत्कृष्टता के निरंतर रिकॉर्ड को दर्शाता है।

आगे की प्रतिबद्धता
दिल्ली पुलिस ने पासपोर्ट सत्यापन में गति, सटीकता और नागरिक सुविधा पर निरंतर जोर देते हुए इन सेवा मानकों को बनाए रखने और और बेहतर करने की प्रतिबद्धता दोहराई है, भले ही राजधानी में आवेदन की संख्या साल-दर-साल बढ़ रही हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *