दिल्ली में हत्या के प्रयास का मामला: ज्योति नगर पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा, तीन नाबालिग शामिल,ज्योति नगर में चाकूबाजी की वारदात सुलझी, चार चाकू बरामद

नई दिल्ली, 17 जून 2026
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में हुई चाकूबाजी की घटना को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। हत्या के प्रयास के इस मामले में पुलिस ने दो बालिग समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार/निरुद्ध किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन नाबालिग हैं।

लड़की से मिलने पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 16 जून की शाम करीब 5:30 बजे ज्योति नगर थाने को गली नं. 4, करदमपुरी में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने घायल हुसैन (18) और रहमान (19) को जीटीबी अस्पताल पहुंचा दिया था।

पूछताछ में पता चला कि रहमान का करदमपुरी निवासी साजिद से पुराना विवाद था। रहमान एक लड़की से मिलने के लिए अक्सर करदमपुरी आता था, जिसका साजिद विरोध करता था। सोमवार को हुसैन, रहमान और उनका दोस्त आमिर इसी विवाद को सुलझाने करदमपुरी गए थे।

थप्पड़ मारने पर चाकुओं से हमला
बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और रहमान ने साजिद को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज साजिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर हुसैन और रहमान पर चाकुओं से हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पांच आरोपी पकड़े गए
क्राइम व एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। थाना ज्योति नगर में FIR नं. 276/2026 धारा 109(1)/351(1)/3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच के बाद पुलिस ने शनि बाजार, करदमपुरी निवासी फरदीन (19) और कबूतर मार्केट, वेलकम निवासी काशिफ (19) को गिरफ्तार किया। इनके अलावा तीन नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। सभी की उम्र करीब 16 साल बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चार चाकू, ईंट का टुकड़ा और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्व) राहूल अलवाल ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *