दिल्ली : लक्ष्मी नगर पुलिस ने फर्जी पैकर्स एंड मूवर्स ठग को दबोचा, पूरा घरेलू सामान बरामद

नई दिल्ली: पूर्वी जिले के थाना लक्ष्मी नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी पैकर्स एंड मूवर्स के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शिकायतकर्ता का पूरा घरेलू सामान बरामद कर लिया है।


राजीव कुमार डीसीपी ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 12 जुलाई 2026 को लक्ष्मी नगर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने अपना घरेलू सामान दिल्ली से बिहार भेजने के लिए ‘स्पेस लॉजिस्टिक्स पैकर्स एंड मूवर्स’ को बुक किया था। कंपनी के लोगों ने 1 और 8 जुलाई को सामान ले लिया, लेकिन डिलीवरी करने के बजाय 20,000 रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। शिकायतकर्ता ने 500 रुपये नकद और 19,500 रुपये ऑनलाइन दे दिए, फिर भी न सामान पहुंचा, न पैसे वापस मिले। इस पर थाना लक्ष्मी नगर में ई-एफआईआर संख्या 80056467/2026 धारा 305/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।


एसएचओ लक्ष्मी नगर के नेतृत्व और एसीपी प्रीत विहार के मार्गदर्शन में HC मनोज और HC प्रवीण की टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान अजय कुमार सिंह (26 वर्ष) निवासी गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में हुई और उसे दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सामान गुरुग्राम में छुपा रखा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गुरुग्राम से 15 कार्टन में रखा पूरा सामान – फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलसीडी टीवी, किचन का सामान और अन्य घरेलू कीमती सामान बरामद कर लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी थाना शकरपुर के एक अन्य मामले FIR No. 162/2026 धारा 316(2) BNS में भी वांछित था। इस तरह पुलिस ने एक के साथ दूसरा केस भी सुलझा लिया।

फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *