नई दिल्ली : मध्य जिले के थाना रंजीत नगर की सतर्क गश्ती टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 वर्षीय तस्कर को 1026.8 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को सुबह करीब 10:25 बजे हेड कांस्टेबल सीताराम, कांस्टेबल ललित और कांस्टेबल सुमित पटेल नगर से दिल्ली कैंट की ओर शादीपुर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति हाथ में पॉलिथीन बैग लिए दिखा, जो पुलिस को देखकर बैग छिपाने लगा और तेजी से भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर टीम ने उसे 10:30 बजे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अर्जुन उर्फ राहुल (30), निवासी मोती नगर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 1026.8 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके पर एसआई एम. सुनील कुमार और कांस्टेबल शुभम को बुलाकर कानूनी कार्रवाई की गई।
इस संबंध में थाना रंजीत नगर में FIR No. 346/2026, धारा 20(b) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह गांजा बलजीत नगर के एक व्यक्ति से खरीदा था और इलाके में बेचकर आसान पैसा कमाता था। पुलिस अब उसके सप्लायर की तलाश में जुट गई है।