नई दिल्ली। दिवाली का त्योहारी सीजन शुरू होते ही ऑनलाइन शॉपिंग में तेजी आ गई है, लेकिन इसी बीच राजधानी दिल्ली से ऑनलाइन फैशन प्लेटफॉर्म Myntra से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पहाड़गंज के एक ग्राहक ने कंपनी पर घटिया प्रोडक्ट भेजने और रिटर्न से इनकार करने के साथ-साथ डिलीवरी स्टाफ द्वारा अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित ग्राहक के अनुसार, उन्होंने 17 सितंबर 2026 को Myntra से HOUSE OF PATAUDI ब्रांड के Men Black Solid ZIP Pointed Toe Chelsea Boots, Size – 6 ऑर्डर किए थे। Order ID: #1341543 26834936497403 बताया जा रहा है।
ग्राहक का कहना है कि जब ऑर्डर डिलीवर हुआ तो साइट पर दिखाए गए प्रोडक्ट और असल में आए जूते में जमीन-आसमान का फर्क था। न तो जूते का लुक वेबसाइट जैसा था और न ही उसकी फिटिंग सही थी।
इस पर ग्राहक ने तुरंत Myntra ऐप के जरिए रिटर्न रिक्वेस्ट डाली।
‘टैग मैच नहीं हो रहा’ कहकर रिटर्न से इनकार
आरोप है कि रिटर्न पिकअप के लिए वही डिलीवरी बॉय जब दोबारा घर आया तो उसने प्रोडक्ट को देखने के बाद यह कहते हुए लेने से मना कर दिया कि “टैग मैच नहीं कर रहा है।”
ग्राहक ने सवाल उठाया कि “क्या प्लास्टिक का वह टैग जिस पर कोड लिखा है, हमने खुद बना दिया है?”
इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि जब इस बात पर बहस हुई तो डिलीवरी एजेंट ने बदतमीजी शुरू कर दी और अपशब्द बोलते हुए कहा कि “जो करना है कर लो।”
इसके बाद से रिटर्न को ‘होल्ड’ पर डाल दिया गया है और अब तक कंपनी ने जूते वापस नहीं लिए हैं।
त्योहारी सीजन में ग्राहक करें सोच-विचार
इस घटना के बाद ग्राहक ने लोगों से अपील की है कि त्योहारी सीजन में Myntra से शॉपिंग करते समय सावधानी बरतें। ग्राहक का कहना है, “पैसा आपका है, मर्जी आपकी है, लेकिन अपना पैसा बर्बाद होने से बचाएं।”
फिलहाल इस मामले में Myntra की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे मामलों में विशेषज्ञों का कहना है कि ग्राहक को कंपनी के कस्टमर केयर के साथ-साथ राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज करानी चाहिए।