नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। रोहिणी जिले की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए दो सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार लग्जरी चोरी की गाड़ियां और एक देसी पिस्तौल बरामद हुई है।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि एसीपी अजय वेदवाल के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर अमित दहिया के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। टीम को सूचना मिली थी कि ऑटो-थेफ्ट नेटवर्क का सक्रिय सदस्य राज कुमार उर्फ राजू चोरी की गाड़ी बेचने के लिए सेक्टर-8 स्थित आरजी प्लाजा कॉम्प्लेक्स आने वाला है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने जाल बिछाकर राजू को महिंद्रा थार के साथ दबोच लिया। जांच में थार नांगलोई थाना क्षेत्र से चोरी की निकली। तलाशी में गाड़ी से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस भी मिला। इस संबंध में थाना नॉर्थ रोहिणी में आर्म्स एक्ट व BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में राजू ने खुलासा किया कि वह चोरी की गाड़ियों को अलग-अलग रिसीवरों को बेचता था और कुछ लोग फर्जी दस्तावेज बनाने में मदद करते थे। उसकी निशानदेही पर तिलक नगर से चोरी हुई किआ सेल्टोस बरामद हुई। आगे जांच में दूसरे आरोपी गौरव (24) को रोहतक, हरियाणा से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर अंबाला, हरियाणा से चोरी हुई टोयोटा फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो-एन बरामद की गईं।
बरामदगी:
1 महिंद्रा थार, 1 किआ सेल्टोस, 1 टोयोटा फॉर्च्यूनर, 1 स्कॉर्पियो-एन और 1 देसी पिस्तौल मय कारतूस।
पुलिस के मुताबिक दोनों की गिरफ्तारी से चोरी के 5 मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी राज कुमार पहले भी 2 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब नेटवर्क के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है।