नई दिल्ली, 25 सितंबर। दिल्ली पुलिस के पश्चिमी रेंज में आज महिला जनप्रतिनिधियों के साथ ‘पश्चिमी रेंज संवाद’ का आयोजन किया गया।
पश्चिमी रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त सुमन गोयल, IPS और पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी, IPS ने संवाद में शामिल प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान महिला प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध के पैटर्न और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखा।
अधिकारियों ने प्रतिनिधियों को दिल्ली के हर थाने में स्थापित पिंक बूथ के बारे में जानकारी दी, जहां महिला पुलिसकर्मी महिलाओं की शिकायतें सुनती हैं और सहायता प्रदान करती हैं। साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया –
112 – आपातकालीन सेवा
181 – महिला सहायता
1098 – बाल सहायता
1930 – साइबर अपराध शिकायत
संवाद के दौरान अधिकारियों ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे पुलिस की आंख और कान बनकर अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की सुरक्षा संबंधी सूचना तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, उत्पीड़न की रिपोर्टिंग और साइबर सुरक्षा से बचाव संबंधी पर्चे भी वितरित किए गए।
पुलिस के अनुसार, इस तरह के संवाद से जनता और पुलिस के बीच सीधा संपर्क मजबूत होता है और जमीनी स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।