रोहिणी में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर रोहिणी जिला के सीनियर सिटिजन सेल द्वारा आज JIMS कॉलेज, सेक्टर-5, रोहिणी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला।

कार्यक्रम में अतिरिक्त डीसीपी-प्रथम/रोहिणी सुश्री तनुश्री, एसीपी/पीजी श्री भास्कर शर्मा, रोहिणी जिले के सभी सब-डिवीजनल एसीपी, सभी एसएचओ, DOCPAT के निदेशक डॉ. शंकर खत्री, 24×7 एनजीओ की टीम और सीनियर सिटिजन सेल के स्टाफ उपस्थित रहे।

इस दौरान डॉ. शंकर खत्री द्वारा स्वास्थ्य पर विशेष चर्चा की गई। वहीं मैक्स अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की। सेक्टर-2 स्थित मनचंदा डेंटिक क्लीनिक की टीम ने दंत स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श भी प्रदान किया।

कार्यक्रम में कुल 258 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया और पुलिस अधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया। बुजुर्गों ने अपनी समस्याएं, चिंताएं और सुझाव साझा किए, जिन्हें पुलिस ने गंभीरता से सुनकर उचित समाधान का आश्वासन दिया।

यह कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, कल्याण और सम्मान के प्रति रोहिणी जिला पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *